नई दिल्ली, 1 अप्रैल 2026 | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/ अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (Excise Duty) में कटौती की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कदम का उद्देश्य ईंधन कीमतों में किसी भी संभावित वृद्धि को रोकना है।
सरकार के इन प्रयासों के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रखी गई हैं, जिससे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को दोनों ईंधनों पर अंडर-रिकवरी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही घरेलू बाजार में एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने निर्यात शुल्क (Export Levy) भी लगाया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराकर ईंधन की खरीदारी न करें।
प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। घरेलू उपभोक्ताओं और सीएनजी परिवहन के लिए 100 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा पीएनजी (PNG) नेटवर्क के विस्तार के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
मार्च महीने के आंकड़ों के अनुसार, करीब 3.25 लाख नए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, लगभग 2.85 लाख नए कनेक्शन जारी किए गए, जबकि करीब 3.5 लाख उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया।
सरकार का कहना है कि इन उपायों से देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और आम उपभोक्ताओं को स्थिर कीमतों का लाभ मिलता रहेगा।





























