प्रियंका भारद्वाज /रामेश्वर महाविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग द्वारा छात्र – छात्राओं के बीच किशोरी सिन्हा सभागार में सफलता का मूल मंत्र धैर्य, परिश्रम और संकल्प विषय पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के वक्ता हाल ही में संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 102 रैंक हासिल करने वाले अभिषेक चौहान रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) श्यामल किशोर ने की । विषय प्रवेश राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदा नंद सहनी ने कराया । उन्मुखीकरण कार्यक्रम की संयोजक वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. महजबीन परवीन रहीं । कार्यक्रम में अभिषेक चौहान की मां श्रीमती अनुराधा राजपूत की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो.श्यामल किशोर ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति,संकल्प और कड़ी मेहनत की बदौलत एक बड़े मुकाम को हासिल किया जा सकता है । प्राचार्य ने छात्र – छात्राओं को उत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी रोजगार का सृजन करने वाले बनें । लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ते हुए इस बात का ध्यान रखें कि आपके मंजिल की डोर सिर्फ आपके ही हाथों मे हो । आप जो करें वो मूल रूप से आपके अपने विचार हों । जीवन में आगे बढने के लिए अपना रास्ता स्वयं बनाएं ।

उन्मुखीकरण कार्यक्रम के वक्ता अभिषेक चौहान ने बताया कि समाज के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए । अपने लक्ष्य के लिए समय, ऊर्जा और धैर्य की बहुत जरूरत होती है अगर हम ऐसा कर सकते हैं तो निश्चित रूप से हम अपने लक्ष्य को पाने में सफल हो पाएंगे । जीवन में अनुशासन को महत्त्व देते हुए अभिषेक ने कहा कि अपने वर्तमान को अपनी मेहनत और लक्ष्य को तय करके सफल बनाया जा सकता है ।
महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो.(डॉ.) रजनी रंजन ने अपने स्वागत वक्तव्य में सभागार में उपस्थित सभी श्रोताओं का स्वागत अभिनन्दन किया । प्रो. रजनी ने ने कहा कि सफलता पाने के लिए संघर्ष की आवश्यकता होती है, और इसके लिए आपको अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना होता है । यदि आपके पास संघर्ष की क्षमता और समर्पण है तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों में डॉ. शारदा नंद सहनी,डॉ. धीरज कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. संदीप कुमार सिंह,डॉ.गोवर्धन,डॉ. उपेंद्र प्रसाद,डॉ. अभिनय कुमार, डॉ. माहेश्वर प्रसाद सिंह, डॉ.सर्वेश्वर कुमार सिंह, डॉ. मीरा कुमारी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. अविनाश, डॉ.रणवीर सिंह, डॉ.अंबुजेश कुमार मिश्र सहित सीतेश कुमार सिंह,रीतेश रंजन,किशन सहित बड़ी संख्या में छात्र – छात्राओं की उपस्थिति रही ।




























