Kaushlendra Pandey (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी):पश्चिम बंगाल के गोसाबा विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सुब्रत मंडल के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभा को संबोधित करते हुए Abhishek Banerjee ने कहा कि जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका विश्वास विकास की राजनीति में था और आगे भी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़, लोगों का आशीर्वाद, दुआ और समर्थन इस बात का संकेत है कि तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बंगाल विरोधी ताकतें राज्य की संस्कृति और गौरव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जनता उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि गोसाबा की धरती तृणमूल कांग्रेस के साथ आत्मिक रूप से जुड़ी हुई है और यहां के लोग किसी भी बाहरी दबाव या “दिल्ली के जमींदारों” के सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे स्थानीय उम्मीदवार सुब्रत मंडल को ‘जोड़ाफूल’ चुनाव चिन्ह पर वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।
सभा में यह भी कहा गया कि तृणमूल कांग्रेस की जीत से “स्वनिर्भर बंगाल” की दिशा में विकास यात्रा और मजबूत होगी। अंत में “जय बांग्ला” और “तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद” के नारों के साथ सभा का समापन हुआ।



























