मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने उत्तर 24 परगना और नदिया जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया
अमित राय कोलकाता/उत्तर 24 परगना/नदिया | कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी/पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने उत्तर 24 परगना और नदिया जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने बोंगांव उत्तर, बोंगांव दक्षिण, हाबड़ा, अशोकनगर, चाकदह, कल्याणी और हरिणघाटा में आयोजित सभाओं में भारी जनसमर्थन का दावा करते हुए कहा कि आम जनता का उत्साह और समर्थन साफ संकेत देता है कि “बंगाल विरोधी ताकतों” के खिलाफ जनता निर्णायक जवाब देने को तैयार है।
अपने संबोधन में Mamata Banerjee ने भाजपा, CPI(M) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ये दल मिलकर राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की “जमींदारी राजनीति” को बंगाल की जनता स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने नागरिकता से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी CAA तो कभी अन्य नामों पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे “जनजीवन के साथ खिलवाड़” बताते हुए कहा कि बंगाल की सांप्रदायिक सौहार्द की भूमि पर ऐसी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है।
जनसभा के दौरान उन्होंने हाबड़ा से ज्योतिप्रिय मल्लिक, अशोकनगर से नारायण गोस्वामी, बोंगांव उत्तर से विश्वजीत दास, बोंगांव दक्षिण से ऋतुपर्णा आढ़्य, बागदा से मधुपर्णा ठाकुर, कल्याणी से डॉ. अतिंद्र नाथ मंडल, चाकदह से शुभंकर सिंह और हरिणघाटा से डॉ. राजीव विश्वास सहित तृणमूल कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की।
सभा के अंत में उन्होंने “मां-माटी-मानुष” के नारे के साथ कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश भरते हुए कहा कि इस बार भी जनता तृणमूल कांग्रेस को भारी बहुमत से जीत दिलाएगी।
जय बंगला, तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद के नारों के साथ सभा का समापन हुआ।