Kaushlendra Pandey पटना। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार नें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। बैठक में राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सम्मिलित हुए।
समीक्षा के दौरान शिक्षा मंत्री ने सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत राज्य में निर्माणाधीन मॉडल स्कूलों में एकरूपता बनाये रखने का स्पष्ट निदेश दिया। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों की संरचना एवं गुणवत्ता में किसी प्रकार की विसंगति स्वीकार्य नहीं होगी। साथ ही, विद्यालयों में खेल-कूद सामग्री, पाठ्य-पुस्तकें एवं सेनेटरी नैपकीन की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।
शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग, स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, वृक्षारोपण तथा गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी पहलू विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं विद्यालयी वातावरण को बेहतर बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
विद्यालय निरीक्षण के संदर्भ में शिक्षा मंत्री ने निर्देशित किया कि निरीक्षण विहित प्रपत्र में गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिसमें स्वच्छता, उपस्थिति, भौतिक संरचना की प्रगति एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षण व्यवस्था को प्रमुख अवयव के रूप में शामिल किया जाए। उन्होंने बेहतर कार्य निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों की सराहना भी की।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री बी. राजेन्दर, निदेशक प्राथमिक शिक्षा श्री विक्रम विरकर, निदेशक मध्याह्न भोजन श्री विनायक मिश्र, निदेशक प्रशासन श्री मनोरंजन कुमार सहित सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।



























