नई दिल्ली | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण पोत INS Sudarshini ने कैनरी द्वीप समूह के लास पालमास में अपना तीन दिवसीय पोर्ट कॉल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस दौरान जहाज को आम लोगों के लिए खोला गया, जहां स्थानीय नागरिकों और भारतीय प्रवासी समुदाय ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भारतीय समुद्री विरासत को करीब से देखा।
पोर्ट कॉल के दौरान भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने स्थानीय नौसैनिक अधिकारियों के साथ मुलाकात कर आपसी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। यह दौरा भारत और स्पेन के बीच समुद्री संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब INS Sudarshini अपनी अगली मंजिल मिंडेलो (केप वर्डे) के लिए रवाना हो गई है, जो अफ्रीका में इसका अंतिम पड़ाव होगा। इसके बाद जहाज ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पर आगे बढ़ेगा।
भारतीय नौसेना का यह मिशन वैश्विक स्तर पर भारत की समुद्री परंपरा और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के संदेश को प्रसारित कर रहा है।




























