पटना: बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश के आलोक में जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बुधवार को बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ठाकुरवाड़ी की सभी चल-अचल संपत्तियों और बैंक खातों का पूरा ब्योरा जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता राजस्व, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचल अधिकारी को निर्देशित किया कि ठाकुरवाड़ी से जुड़ी जमीन, संपत्ति और बैंक खातों की विस्तृत सूची तैयार की जाए। साथ ही सभी प्रकार के लेन-देन और विनिमय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया गया है।
इसके अलावा ठाकुरवाड़ी की परिसंपत्तियों, दुकानों और आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा तैयार करने के लिए भी अपर समाहर्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी की न्यास समिति लंबे समय से निष्क्रिय थी। इसी कारण बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने जिलाधिकारी, पटना को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया है। न्यास के संचालन, संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे नई न्यास समिति का गठन किया जाएगा।
फिलहाल ठाकुरवाड़ी से जुड़े सभी बैंक खातों का संचालन जिला पदाधिकारी, पटना के हस्ताक्षर से किए जाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही नई न्यास समिति के गठन के लिए नामों का प्रस्ताव जल्द पर्षद को भेजा जाएगा।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी






















