Kaushlendra Pandey / कोलकाता/नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए एक भावुक और विश्वास से भरा संदेश साझा किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, “पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्री सुवेंदु अधिकारी जी को बधाई। उन्होंने हमेशा जनता से गहराई से जुड़े नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है और लोगों की आकांक्षाओं को बेहद करीब से समझा है। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुवेंदु अधिकारी को बंगाल in भाजपा के मजबूत चेहरे के रूप में देखा जाता रहा है। उन्होंने लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सक्रिय रहते हुए जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार का गठन राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत है। खास बात यह भी है कि यह बदलाव उसी धरती पर हुआ है जहां भारतीय जनसंघ के संस्थापक और महान शिक्षाविद् श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म हुआ था। भाजपा समर्थक इसे वैचारिक जीत के रूप में भी देख रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सुवेंदु अधिकारी को गले लगाकर बधाई दी, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नई सरकार से राज्य की जनता को विकास, कानून व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में बड़े फैसलों की उम्मीद है। भाजपा नेतृत्व ने दावा किया है कि बंगाल में अब विकास और सुशासन के नए दौर की शुरुआत होगी।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























