मुजफ्फरपुर ब्यूरो । रामेश्वर महाविद्यालय के पूर्व गणित विभागाध्यक्ष डॉ. शीतलकिशोर सिंह के निधन पर महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य प्रो. डॉ. श्यामल किशोर की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई।
प्राचार्य प्रो. डॉ. श्यामल किशोर ने दिवंगत शिक्षक की कर्मठता, शिक्षकीय दायित्वों के प्रति उनकी निष्ठा एवं महाविद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रो. रजनी रंजन ने कहा कि डॉ. शीतलकिशोर सिंह वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त हुए थे तथा उन्होंने लगभग 35 वर्षों तक रामेश्वर महाविद्यालय में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि अपने नाम के अनुरूप वे अपने सौम्य व्यवहार एवं आत्मीयता से सभी को शीतलता प्रदान करते थे।
शोक सभा में महाविद्यालय परिवार के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। महाविद्यालय परिवार ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।


























