प्रियंका भारद्वाज /नई दिल्ली: भारत ने स्वदेशी रक्षा क्षमता को और मजबूत करते हुए Advanced Agni मिसाइल का सफल फ्लाइट ट्रायल किया। इस परीक्षण में Multiple Independently Targeted Re-Entry Vehicle (MIRV) प्रणाली का इस्तेमाल किया गया, जिससे मिसाइल एक साथ अलग-अलग लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम साबित हुई।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड्स के साथ किया गया, जिन्हें हिंद महासागर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर स्थित लक्ष्यों की ओर सफलतापूर्वक निर्देशित किया गया। परीक्षण के दौरान सभी मिशन उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया गया।
इस अत्याधुनिक तकनीक के जरिए एक ही मिसाइल से कई अलग-अलग टारगेट्स पर हमला किया जा सकता है, जिससे भारत की रणनीतिक प्रतिरोधक क्षमता और मजबूत हुई है। परीक्षण के दौरान विभिन्न ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग सिस्टम ने मिसाइल के प्रदर्शन की लगातार निगरानी की।
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक MIRV तकनीक उन चुनिंदा देशों के पास है जिनके पास अत्याधुनिक परमाणु एवं मिसाइल क्षमता मौजूद है। इस सफल परीक्षण के साथ भारत ने अपनी रक्षा तकनीक में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























