सौरभ निगम /नई दिल्ली। आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), दिल्ली के विकिरण ऑन्कोलॉजी विभाग में सोमवार को अत्याधुनिक रिंग गैन्ट्री आधारित लीनियर एक्सीलरेटर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
यह नई तकनीक अस्पताल में कैंसर देखभाल सेवाओं को और मजबूत करेगी तथा सेवारत सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को उन्नत रेडियोथेरेपी उपचार की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस मशीन के शुरू होने से मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपचार की आंतरिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई प्रणाली आधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीकों से लैस है, जिससे कैंसर प्रभावित हिस्से पर अधिक सटीक उपचार संभव होगा और आसपास के सामान्य ऊतकों को कम नुकसान पहुंचेगा।
रक्षा मंत्रालय ने इसे Armed Forces Medical Services (AFMS) में कैंसर उपचार सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। कार्यक्रम में DGAFMS सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, अस्पताल के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अविनाश दास समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























