सौरभ निगम /केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अफ्रीका के कई हिस्सों में बढ़ते इबोला वायरस रोग मामलों को देखते हुए देश में तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय की बैठक में संक्रमण की रोकथाम, निगरानी और जांच व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत में अब तक बंडिबुग्यो इबोला बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला प्रकोप को “पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑफ इंटरनेशनल कंसर्न” घोषित किया है, वहीं अफ्रीका CDC ने इसे महाद्वीपीय सुरक्षा से जुड़ा स्वास्थ्य आपातकाल माना है।
केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य सचिव, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र को ट्रैकिंग, टेस्टिंग और सर्विलांस की सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।
सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और अन्य प्रवेश बिंदुओं पर स्क्रीनिंग एवं निगरानी बढ़ा दी है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को स्क्रीनिंग, क्वारंटीन, क्लीनिकल मैनेजमेंट, लैब टेस्टिंग और संक्रमण रोकथाम से जुड़े दिशा-निर्देश एवं SOP भी जारी किए गए हैं।





























