हाईवे पर गडकरी का हाई अलर्ट, राजस्थान-हिमाचल की सड़कों की गुणवत्ता और मानसून तैयारी की बड़ी समीक्षा
सौरभ निगम / नितिन गडकरी ने राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क निर्माण कार्यों की गति, सुरक्षा मानकों और मानसून से पहले की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
नई दिल्ली में आयोजित इस समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा सड़क परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गडकरी ने राजस्थान में 10,064 किलोमीटर और हिमाचल प्रदेश में 1,947 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति का विस्तृत आकलन किया।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हों और निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के उपयोग, सड़क सुरक्षा उपायों और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मानसून को देखते हुए गडकरी ने ड्रेनेज सिस्टम, स्लोप प्रोटेक्शन, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान सड़क यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
उन्होंने कहा कि मजबूत और आधुनिक हाईवे नेटवर्क देश की आर्थिक प्रगति, पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत आवश्यक है। सरकार देशभर में सड़क अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।