Kaushlendra Pandey पटना। नेपाल की 24 वर्षीय युवा विधि पेशेवर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला अधिकारों की मुखर आवाज़ जैस्मिन ओझा ने बिहार सरकार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री Sheela Kumari Mandal से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारत-नेपाल संबंधों, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, शिक्षा तथा सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
जैस्मिन ओझा ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि दोनों देशों के युवाओं और सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाने से क्षेत्रीय विकास और सामाजिक समरसता को नई दिशा मिल सकती है।
मुलाकात के दौरान मंत्री शीला मंडल ने महिला शिक्षा, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा और अवसरों से जोड़ना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। साथ ही भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर भी चर्चा हुई।
जैस्मिन ओझा “मिशन स्माइल नेपाल” की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। यह गैर-सरकारी संगठन महिलाओं और बच्चों के कल्याण, अधिकार संरक्षण तथा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रहा है। कानून, सामाजिक न्याय, महिला अधिकार और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका ने उन्हें नेपाल की नई पीढ़ी की प्रभावशाली युवा हस्तियों में स्थान दिलाया है।
यह मुलाकात भारत-नेपाल मैत्री, महिला नेतृत्व और सामाजिक सहयोग को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।





























