प्रियंका सिंह पटनाः भारत में आयोजित पहले वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में बिहार के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। पहले ही दौर में बिहार की झोली में दो स्वर्ण और एक रजत पदक डालकर खिलाड़ियों ने ‘योगभूमि’ को गौरवान्वित कर दिया है। मसौढ़ी के दिलीप कुमार ने फारवर्ड बेंड और छपरा की सोनी कुमारी ने लेग बैलेंस इवेंट में एक-एक स्वर्ण पदक जीता है, वहीं मुजफ्फरपुर के योगासन खिलाड़ी सुधांशु शेखर ने बैक बेंड इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया है। बिहार के खिलाड़ियों ने जैसे ही सोने का तमगा अपने नाम किया। गुजरात के अहमदाबाद में एकबार फिर बिहारियों की प्रतिभा का डंका बज गया। बिहार योगासन स्पोर्टस् एसोसिएशन की सचिव डा. रानी सिंह ने प्रदेश के खिलाड़ियों की इस जीत पर मार्मिक संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बिहार योग की भूमि रही है। यहां के खिलाड़ियों द्वारा विश्व स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल से जीत का आगाज करना अविस्मरणीय है। यह हरेक बिहारी के लिए गौरव का क्षण है। बीवाईएसए की सेक्रेटरी डा. रानी सिंह ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण काल मं बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की नींव रखी गई। धीरे-धीरे करके इस संगठन ने योगासन खिलाड़ियों को तराशा, इसी का प्रतिफल है कि विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के समक्ष बिहार के योगासन खिलाड़ी प्रतिस्पर्द्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीत चुके हैं। बता दें कि अहमदाबाद के एका एरेना में चार से आठ जून तक वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन हो रहा है, जिसमें विश्व के 70 से अधिक देश के पांच सौ से अधिक दिग्गज योगासन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बिहार योगासन स्पोर्टस् एसोसिएशन के संरक्षक अजीत कुमार, मेंटोर अभिजीत कुमार, अध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद व अन्य ने बिहार के खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम किया है और उन्हें बधाईयां दी है।























