Dharmendra Kumar /कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/पालीगंज। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की पालीगंज विधानसभा स्तरीय एकदिवसीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पालीगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश महासचिव सुनील यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंदन यादव, पालीगंज प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र पासवान, दुल्हिनबाजार प्रखंड अध्यक्ष राहुल पासवान, महिला प्रदेश सचिव प्रभा देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ कमेटियों के गठन तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन पार्टी की एकजुटता और संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।


























