Kaushlendra Pandey /कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी | इंदौर/
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में ऐतिहासिक ‘इंदौर घोषणा’ को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इस घोषणा के माध्यम से BRICS देशों ने खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, टिकाऊ कृषि और कृषि व्यापार को मजबूत करने के लिए साझा संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में प्राकृतिक खेती, डिजिटल कृषि, कृषि अनुसंधान एवं नवाचार तथा किसानों की क्षमता वृद्धि के लिए चार नए वैश्विक सहयोग नेटवर्क स्थापित करने पर सहमति बनी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि BRICS देशों का यह साझा प्रयास दुनिया भर के किसानों के लिए नई संभावनाएं खोलेगा और खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाएगा।
उन्होंने कहा कि BRICS समूह विश्व की बड़ी आबादी, कृषि भूमि और खाद्यान्न उत्पादन का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में इंदौर घोषणा केवल सदस्य देशों के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक कृषि व्यवस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी।
बैठक में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, कृषि में तकनीक के उपयोग को बढ़ाने, छोटे किसानों को सशक्त बनाने और कृषि व्यापार को सुगम बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।





























