सौरभ निगम पटना। कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी। बिहार में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत ₹1512 करोड़ की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना कार्य का शुभारंभ किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ₹1278 करोड़ की लागत से ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने तथा हर घर तक सस्ती, सतत और सुलभ बिजली पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य आगामी नवंबर तक 2.5 लाख घरों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का है। वहीं नवंबर 2027 तक राज्य के 25 लाख घरों को इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली उत्पादन का स्वच्छ और टिकाऊ माध्यम है, बल्कि इससे आम लोगों के बिजली खर्च में भी कमी आएगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति विकसित बिहार की मजबूत आधारशिला है। राज्य सरकार ऊर्जा अवसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे इन निवेशों से बिहार में हरित ऊर्जा को नई गति मिलने के साथ-साथ रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी बल मिलने की उम्मीद है।





























