Kaushlendra Pandey,पटना, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट ने पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, समृद्ध और विकसित बिहार के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
मुख्यमंत्री सम्राट ने कहा कि योग भारत की सनातन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का मार्ग प्रशस्त करता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का वैश्विक सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा इसे जन-जन का संकल्प बनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक “समत्वं योग उच्यते” का उल्लेख करते हुए कहा कि योग जीवन में संतुलन, अनुशासन और सकारात्मकता का संदेश देता है।


























