Kaushlendra Pandey नई दिल्ली। संभावित अल नीनो और कमजोर मानसून की आशंकाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने खरीफ फसलों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी राज्यों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर किसानों के हित में अग्रिम रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार ने 315 संवेदनशील जिलों के लिए विशेष आकस्मिक (कंटिंजेंसी) योजना तैयार की है, ताकि वर्षा की कमी या मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का किसानों पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसी संकट का इंतजार नहीं कर रही, बल्कि पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार ने जल संरक्षण को भी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया है। इसके तहत तालाबों, चेक डैम, खेत तालाब (फार्म रिजर्वायर) और वर्षा जल संचयन जैसी योजनाओं को तेजी से लागू करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि हर बूंद पानी का बेहतर उपयोग हो सके।
केंद्र सरकार का कहना है कि समय रहते की गई यह तैयारी खरीफ सीजन के दौरान कृषि उत्पादन को सुरक्षित रखने और किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





























