प्रियंका भारद्वाज / नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट INS Tarkash 22 जून 2026 को मॉरीशस के पोर्ट लुईस से अपना सफल बंदरगाह दौरा पूरा करने के बाद दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में आगे की तैनाती के लिए रवाना हो गया।
दौरे के दौरान जहाज के अधिकारियों और कर्मियों ने मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के साथ कई पेशेवर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया। साथ ही दोनों देशों के जवानों के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन किया गया, जिसने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को और मजबूत किया।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर INS Tarkash पर मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के जवानों के साथ विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। इसी दिन जहाज को आम लोगों के लिए भी खोला गया, जहां भारतीय मूल के लोगों और स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 450 आगंतुकों ने जहाज का भ्रमण किया। इससे भारत और मॉरीशस के बीच जन-जन के संबंधों को नई मजबूती मिली।
INS Tarkash के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन रोहित मिश्रा ने मॉरीशस के पुलिस आयुक्त रैम्परसाद सूरूजेबैली तथा मॉरीशस में भारत के उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव से शिष्टाचार भेंट की।
भारतीय नौसेना का यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





























