Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने NAFED के ई-ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से कृषि विपणन में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में बंद होने की कगार पर पहुंच चुका NAFED आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 74 लाख किसानों की सेवा कर रहा है और करीब 500 करोड़ रुपये के लाभ के साथ मजबूत संस्था बन चुका है।
उन्होंने कहा कि नए ई-ऑक्शन पोर्टल से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे बैंक खाते में 48 घंटे के भीतर मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि अगले दो वर्षों में NAFED और NCCF किसानों से दलहन की पूरी उपज सीधे खरीदने का लक्ष्य लेकर काम करेंगे, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर NAFED छात्रवृत्ति योजना की भी शुरुआत की गई। इसके तहत किसानों के बच्चों की उच्च शिक्षा और करियर विकास के लिए सहायता दी जाएगी। साथ ही NAFED के लाभ का एक हिस्सा किसान परिवारों के कल्याण पर भी खर्च किया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाते हुए किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आधुनिक, पारदर्शी तथा तकनीक आधारित कृषि विपणन प्रणाली से जोड़ना है।




























