Kaushlendra Pandey /पटना। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी।
आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में बिहार सरकार ने जेपी आंदोलन के उन लोकतंत्र सेनानियों के लिए बड़ी घोषणा की है, जो अब तक सरकारी सम्मान, पेंशन अथवा अन्य सुविधाओं से वंचित रह गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ऐसे सभी पात्र लोकतंत्र रक्षकों की पहचान के लिए एक विशेष समिति गठित की जाएगी और अगले वर्ष 25 जून को उन्हें सम्मानित कर सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों नेताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा जेपी सेनानियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था, जब संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हर व्यक्ति का योगदान अमूल्य है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र लोकतंत्र सेनानी सम्मान और सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग शिविरों में अब तक लगभग 3.70 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 3.20 लाख मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। इन शिविरों में स्वतंत्रता सेनानियों और जेपी सेनानियों से जुड़े करीब 1200 आवेदन भी मिले हैं। इन्हीं आवेदनों के आधार पर पात्र लेकिन छूटे हुए सेनानियों की पहचान कर उन्हें सरकारी लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जेपी सेनानियों की पेंशन राशि पहले ही दोगुनी की जा चुकी है और अब हर पात्र लोकतंत्र रक्षक तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि वे छात्र जीवन से लोकतांत्रिक आंदोलनों से जुड़े रहे हैं और आपातकाल विरोधी आंदोलन से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, जेपी सेनानी रघुपति जी तथा राजाराम पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सांसद राधामोहन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक, विधान पार्षद, जेपी सेनानी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


























