Kaushlendra Pandey /कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/पटना। राज्य सरकार जनता के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। सुशासन की इसी कड़ी में शुक्रवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने जद (यू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा। श्री यादव ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार सुशासन, जवाबदेही और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। जनसुनवाई कार्यक्रम सरकार और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासनिक स्तर पर संभव हो रहा है।
इस अवसर पर लोकप्रकाश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखे।




























