Kaushlendra Pandey /नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का प्रतिष्ठित पाल प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी (INS Sudarshini) अमेरिका के बाल्टीमोर बंदरगाह पहुंच गया है। यह यात्रा भारत की समृद्ध समुद्री विरासत तथा भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच मजबूत मित्रता एवं सहयोग का प्रतीक है।
अपनी यात्रा के दौरान आईएनएस सुदर्शनी अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले सेल-250 मैरीलैंड (Sail250 Maryland) समारोह से पहले विभिन्न समुद्री गतिविधियों और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों में भाग लेगा।
बाल्टीमोर पहुंचने से पहले आईएनएस सुदर्शनी ने 19 से 23 जून 2026 तक नॉरफ़ॉक में आयोजित सेल-250 वर्जीनिया समारोह में हिस्सा लिया, जहां इसने दुनिया के कई बड़े पाल पोतों के साथ ‘परेड ऑफ सेल’ और ‘सिटी क्रू परेड’ में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
भारतीय नौसेना के अनुसार, आईएनएस सुदर्शनी की यह यात्रा भारत की समुद्री कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक स्तर पर भारतीय नौसेना की पेशेवर क्षमता को प्रदर्शित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




























