Kaushlendra Pandey,कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी | गांधीनगर
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर से ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही अहमदाबाद, सूरत, राजकोट सहित गुजरात के सभी प्रमुख शहरों में दोपहिया, ऑटो और चारपहिया श्रेणियों में भारत टैक्सी की सेवाएं शुरू हो गई हैं।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि भारत टैक्सी से 7 लाख से अधिक ‘सारथी’ जुड़ चुके हैं। इस सहकारिता आधारित मॉडल में ड्राइवर स्वयं इसके मालिक हैं, जिससे उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी ने गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, गुजरात स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, ट्रैफिक पुलिस, अहमदाबाद एयरपोर्ट और वेस्टर्न रेलवे के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर भी हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सेवाएं और ड्राइवरों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में भारत टैक्सी सेवा का विस्तार देश के सैकड़ों शहरों तक करना है, ताकि सहकारिता आधारित परिवहन व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा सके।


























