नई दिल्ली। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने भारतीय पर्यटन को वैश्विक स्तर पर डिजिटल माध्यमों से नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से गूगल इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस साझेदारी के तहत भारत के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन अनुभवों को देश-विदेश के यात्रियों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि डिजिटल तकनीक भारत की सांस्कृतिक धरोहरों की भव्यता और गौरव को दुनिया के सामने आकर्षक और इमर्सिव अनुभव के रूप में प्रस्तुत करने की बड़ी क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत बनाएगी।
इस साझेदारी के तहत गूगल अपने डिजिटल इकोसिस्टम, एआई तकनीक, मैप्स, कंटेंट और डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञता का उपयोग कर भारतीय पर्यटन स्थलों की ऑनलाइन दृश्यता बढ़ाने में सहयोग करेगा। साथ ही पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों और हितधारकों को डिजिटल मार्केटिंग, एआई और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
पर्यटन मंत्रालय का मानना है कि इस पहल से घरेलू और विदेशी पर्यटकों को भारत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की बेहतर जानकारी मिलेगी, जिससे पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
























