नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े (ईस्टर्न फ्लीट) के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरि, आईएनएस कवारत्ती और आईएनएस शक्ति ने थाईलैंड के सत्ताहिप बंदरगाह का सफल दौरा पूरा करने के बाद 29 जून 2026 को दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में अपनी अगली परिचालन तैनाती के लिए प्रस्थान किया। यह बेड़ा रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट के नेतृत्व में तैनात है। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने दी।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की सतत समुद्री सहभागिता का हिस्सा रही और भारत-थाईलैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग को और मजबूती प्रदान करने वाली साबित हुई।
बंदरगाह प्रवास के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग, समुद्री सुरक्षा और परिचालन समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। भारतीय और रॉयल थाई नौसेना के बीच पेशेवर आदान-प्रदान, संयुक्त गतिविधियां और खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
दौरे के दौरान आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस कवारत्ती पर एक विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें थाईलैंड में भारत के राजदूत, रॉयल थाई नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक तथा भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्य शामिल हुए।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह तैनाती भारत की ‘महासागर (MAHASAGAR)’ परिकल्पना—Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions—को आगे बढ़ाती है। साथ ही यह क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने के लिए भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























