Kaushlendra Pandey / नई दिल्ली। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को नई दिल्ली में FCRA 2.0 पोर्टल और e-OCI कार्ड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये दोनों डिजिटल पहल नागरिकों की सुविधा बढ़ाने और शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल तथा प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
अमित शाह ने कहा कि e-OCI कार्ड की शुरुआत से दुनिया भर में रहने वाले 50 लाख से अधिक OCI (ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया) कार्डधारकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब कई सेवाएं पूरी तरह डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी, जिससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और सेवाएं पहले से अधिक तेज़ व आसान बनेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “Minimum Government, Maximum Governance” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
गृह मंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट और तकनीक को अपनाने की मानसिकता हो, तब शासन ईमानदार लोगों के लिए आसान और पारदर्शी बनता है, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित होती है। उन्होंने बताया कि FCRA 2.0 पोर्टल विदेशी अंशदान से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाएगा, जिससे संबंधित संस्थाओं को सुविधा मिलेगी और निगरानी व्यवस्था भी मजबूत होगी।

























