Kaushlendra Pandey नई दिल्ली। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम और जारी वार्ताओं में हुई प्रगति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निरंतर संवाद और कूटनीतिक प्रयासों से क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और संवाद का लगातार समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) में नौवहन की स्वतंत्रता अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने भारत की उस प्रतिबद्धता को भी दोहराया कि वह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और कूटनीतिक समाधान के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पक्षों के सतत प्रयासों से पश्चिम एशिया में तनाव कम होगा और स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।






















