सौरभ निगम /मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज पटना साइंस कॉलेज का निरीक्षण कर परिसर का विस्तृत अवलोकन किया तथा इसके समग्र विकास के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने घोषणा की कि पटना साइंस कॉलेज परिसर में ‘यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज’ की स्थापना की जाएगी।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पटना साइंस कॉलेज को विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार एवं उत्कृष्ट शिक्षा के अग्रणी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यह संस्थान अपना ऐतिहासिक गौरव पुनः प्राप्त कर सके।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज’ भौतिकी एवं विज्ञान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और वैश्विक स्तर की शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनेगी। इससे बिहार के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं वैज्ञानिकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाएँ तथा नए अवसर प्राप्त होंगे।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने पटना कॉलेजिएट स्कूल का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पटना कॉलेजिएट स्कूल का गौरवशाली इतिहास रहा है। इसे मॉडल (आदर्श) स्कूल के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध करायी जायेगी।




























