पटना, 06 जुलाई 2026/ जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव ने जारी बयान में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का स्थापना दिवस इस बार पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए उत्सव से अधिक निराशा का अवसर बन गया। जिस दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी यादव को कार्यकर्ताओं के बीच खड़े होकर संगठन को मजबूती देने का संदेश देना चाहिए था, उसी दिन पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व नदारद रहा। इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है कि स्थापना दिवस पर भी नेतृत्व मैदान में नहीं, बल्कि दूर से राजनीतिक संदेश देने तक सीमित रह गया।
तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली से वर्चुअल संदेश देकर वो आकाश से लालटेन जलाने का काम कर रहे थे। जो नेता अपनी ही पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण दिन कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित नहीं हो सकता, वह बिहार की जनता के संघर्ष में कितना साथ देगा, इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
तेजस्वी यादव ने यह स्वीकार किया कि आरजेडी को अंदर और बाहर के लोगों ने कमजोर किया है। सवाल यह है कि आखिर वे अंदर के लोग कौन हैं? बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि आरजेडी को सबसे अधिक नुकसान विपक्ष ने नहीं, बल्कि उसी दरबार की राजनीति ने पहुंचाया, जहां चहेतों को वरिष्ठ नेताओं से ऊपर रखा गया, अनुभवी नेताओं का लगातार अपमान हुआ और व्यक्तिगत स्वार्थ को संगठन से बड़ा बना दिया गया।
यही वह राजनीतिक संस्कृति थी जिसने कभी जनता दल को विभाजित किया और आज उसी मानसिकता ने आरजेडी को भी अंतर्कलह का अखाड़ा बना दिया है। जो लोग वर्षों तक लालू प्रसाद यादव के सबसे करीबी बनकर संगठन चलाते रहे, वही आज आरजेडी की कमजोरी का सबसे बड़ा कारण बने हुए हैं।
सच्चाई यह है कि राजद आज वैचारिक संकट से अधिक नेतृत्व संकट से जूझ रहा है। संगठन कमजोर हो रहा है, कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है और शीर्ष नेतृत्व जिम्मेदारी लेने के बजाय बहाने तलाश रहा है। केवल भाषणों और आरोपों से राजनीतिक लड़ाई नहीं जीती जाती, उसके लिए संगठन, संवाद और समर्पण की आवश्यकता होती है।
तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि यह समझ लेना चाहिए कि यदि वे पार्टी के भीतर पनप रही गुटबाजी, चहेतावाद और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा को नहीं रोक पाए, तो आरजेडी की राजनीतिक स्थिति और कमजोर होगी और वर्तमान की 25 सीटों से 5 सीटों पर आने में देर नहीं लगेगी।




























