07 जुलाई 2026, पटना।जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने जारी बयान में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार की अगुवाई में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार मजबूत और आम लोगों के लिए सुलभ बन रही है। जिला अस्पतालों को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे उनके प्रयासों से राज्य के आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने जिले में ही उपलब्ध हो रही हैं।
बिहार सरकार की प्राथमिकता है कि बेहतर इलाज के लिए मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े शहरों या मेडिकल काॅलेजों का रुख न करना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य के जिला अस्पतालों में 19 प्रकार की सुनिश्चित नैदानिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ डाॅक्टरों की सलाह, आधुनिक जांच, आवश्यक दवाएं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं एक ही परिसर में मुफ्त मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी और आईपीडी सेवाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार ने कुल 504 तरह की दवाईयां मरीजों को उपलब्ध कराने की बात कही है जिसमें से वर्तमान में 350 से अधिक प्रकार की आवश्यक दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और पैथोलाॅजी जांच जैसी सुविधाओं के सुदृढ़ होने से मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल रहा है।
श्री निशांत कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री का कार्यभार संभालते ही गरीब और जरूरतमंद मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जिसका परिणाम है कि पीपीएच तथा आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों के लिए निशुल्क सीटी स्कैन और डायलिसिस जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं अन्य मरीजों को भी ये सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज का बोझ काफी कम हुआ है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में यह परिवर्तन केवल बुनियादी ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य की एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। सुदृढ़ जिला अस्पतालों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और इसका सीधा लाभ राज्य के लाखों नागरिकों को मिल रहा है। आने वाले समय में भी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों तक पहुंच और पारदर्शिता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम करती रहेगी।




























