कुछ ही दिनों में जारी होगा शिक्षक स्थानांतरण का शेड्यूल, पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन और पारदर्शी : शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी
Kaushlendra Pandey /गोपालगंज | कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर गोपालगंज पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद समाहरणालय परिसर में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल हुए और जिले में संचालित शैक्षणिक योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री भाजपा के जिला सम्मेलन में भी शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने राज्य के लाखों शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि नई शिक्षक स्थानांतरण नीति के तहत तबादले की पूरी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। विभाग अगले कुछ दिनों में स्थानांतरण का विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा, जिसके बाद शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षक स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और नियमसम्मत तरीके से लागू करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर भेदभाव या अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी तथा सभी पात्र शिक्षकों को निर्धारित नियमों के अनुसार स्थानांतरण का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार की पहली प्राथमिकता सभी विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करना है। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यक संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस संबंध में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक हो चुकी है। विभाग ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और शेड्यूल जारी होते ही शिक्षक निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमों एवं वरीयता के आधार पर स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी व्यवस्था पारदर्शी होगी और शिक्षकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार का उद्देश्य शिक्षकों के हितों की रक्षा करते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।