सौरभ निगम अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के ‘मिशन 5 मिलियन ट्रीज़’ के तहत वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘#EkPedMaaKeNaam’ अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है और पूरा देश ‘People, Planet with Progress’ के मंत्र को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि सानंद, गांधीनगर, कलोल और अहमदाबाद क्षेत्र में हरित आवरण में 11.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2029 तक इसे 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर अहमदाबाद नगर निगम ने एक ही दिन में 101 ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। अमित शाह ने विश्वास जताया कि जनभागीदारी से चलाया जा रहा यह वृक्षारोपण अभियान आने वाले समय में अहमदाबाद का औसत तापमान अन्य शहरों की तुलना में कम से कम 5 प्रतिशत तक घटाने में मदद करेगा।
– कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी



























