Kaushlendra Pandey / मुजफ्फरपुर । अगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम( भारत ) ने इन्फोसिस फाउंडेशन के सहयोग से रोजगार कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत आज रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में एक विशाल रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.श्यामल किशोर एवं आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम के राज्य कार्यक्रम समन्वयक रजनी रंजन, जिला समन्वयक लोकेश कुमार, प्लेसमेंट अधिकारी प्रिंस गौरव तथा सहायक सोनल प्रिया,सत्यप्रकाश तथा प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ.धीरज कुमार ने मेले का शुभारंभ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन करके किया ।
दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो.रजनी रंजन ने सभागार में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र – छात्राओं और आगा खान के सभी सदस्यों का स्वागत, अभिनन्दन किया ।
रोजगार मेले के उद्घाटन के मौके पर प्राचार्य प्रो.श्यामल किशोर ने कहा कि रोजगार मेले का आयोजन करना महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल का सराहनीय कदम है । शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की गतिविधियां, रोजगार सृजन और प्लेसमेंट का आयोजन होना चाहिए । बढ़ती प्रतिस्पर्धा के युग में किसी संस्थान और उद्योग, कल कारखानों में छात्र – छात्राओं का चयन होता है तो यह उस शैक्षणिक संस्थान के लिए आवस्तिकारक होता है । इस भागदौड़ भरे समय में रोजगार की तलाश करना सबसे बड़ी चुनौती है लेकिन फिर भी हमारे बच्चों को इन तमाम प्रकार की चुनौतियों से घबराना नहीं चाहिए बल्कि डटकर उनका सामना करना चाहिए तभी आप कोई अच्छा मुकाम हासिल कर सकेंगे । प्रो.श्यामल ने आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम के आयोजकों सहित पूरे महाविद्यालय परिवार को उत्साहित करते हुए बधाई दी ।
आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम के राज्य कार्यक्रम समन्वयक रजनी रंजन ने अपने कार्यक्रम के विषय में विस्तार से बताया । उन्होंने कहा कि हमारी संस्था ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों में काम करती है और लोगों को उद्यमिता से जोड़ती है ।
रोजगार मेले में कुल 173 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 125 अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 56 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ । टाटा मोटर्स, साणंद,अहमदाबाद में 47 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिनमें 16 महिला एवं 31 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं मदरसन में 9 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिनमें 1 महिला एवं 8 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं । रोजगार मेले के दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन, पीएफ, ईएसआईसी, बोनस, प्रशिक्षण एवं करियर विकास के अवसरों की जानकारी दी।
इस अवसर पर आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम, भारत के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। संस्था भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन करती रहेगी ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रमेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के प्राचार्य, महाविद्यालय परिवार, प्लेसमेंट सेल तथा आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम, भारत तथा युवा जंक्शन की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा । उपस्थित सभी अतिथियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ.धीरज कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ.उपेंद्र गामी ने किया ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र – छात्राओं की उपस्थिति रही ।


























