पटना, 14 जुलाई । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए के चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। किदवईपुरी स्थित ठाकुर प्रसाद कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सहित एनडीए के सभी घटक दलों के पटना जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने बांकीपुर में एनडीए की एकजुटता और चुनावी मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव कार्यालय का उद्घाटन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक विजय का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतर चुका है।
संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे और बांकीपुर एक बार फिर कमल खिलाकर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगा।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने विधायक के रूप में बांकीपुर में विकास कार्यों की मजबूत नींव रखी। सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्य आज भी जनता के बीच उनकी कार्यशैली की पहचान हैं। यही कारण है कि बांकीपुर के मतदाता भाजपा और एनडीए के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार ने जनकल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार तथा गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर एनडीए जनता के बीच जा रहा है और उसे व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
संजय सरावगी ने कहा कि आज उद्घाटन समारोह में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिला अध्यक्षों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि पूरा गठबंधन पूरी मजबूती और समन्वय के साथ चुनाव लड़ रहा है। यह एकजुटता विपक्ष के लिए स्पष्ट संदेश है कि बांकीपुर में एनडीए की जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर घर-घर पहुंचने, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनाव को प्रतिष्ठा का विषय मानते हुए पूरी ऊर्जा के साथ जुटे और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाकर बांकीपुर की विकास यात्रा को नई गति प्रदान करे।
कार्यक्रम में संगठन महामंत्री भिखुभाई दलसानिया , विधायक संजीव चौरसिया, जीवेश मिश्रा सहित एनडीए के सभी दलों के पटना जिला अध्यक्ष, अनेक वरिष्ठ नेता, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी नेताओं ने एक स्वर में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।



























