kaushlendra Pandey /पटना | कंट्री इनसाइड न्यूज़ -अष्टादश बिहार विधानसभा के तृतीय सत्र के प्रथम दिन विधानसभा परिसर में सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण देखने को मिला। सत्र प्रारंभ होने से पूर्व बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें सफल एवं सुचारु सत्र संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है, जहां जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के कुशल नेतृत्व में सदन की कार्यवाही गरिमा, अनुशासन और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप संचालित होगी।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा और रचनात्मक सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने आशा व्यक्त की कि यह सत्र बिहार के विकास, जनकल्याण और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
शिष्टाचार भेंट के दौरान सदन की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संवाद की भावना पर भी बल दिया गया। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पक्षों के सहयोग से विधानसभा का तृतीय सत्र सफलतापूर्वक संपन्न होगा और राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
अष्टादश बिहार विधानसभा के तृतीय सत्र से प्रदेश के विकास, जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा और कई अहम विधायी कार्यों की उम्मीद की जा रही है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी