पटना /जीविका के 2,446 नवचयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
kaushlendra Pandey /पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न पदों पर चयनित 2,446 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ये नियुक्तियाँ न केवल युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर हैं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आर्थिक और सामाजिक बदलाव का माध्यम भी बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर हो रही इन नियुक्तियों से राज्य में विकास की गति और तेज होगी तथा जीविका के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को नई ऊर्जा मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने बताया कि आज बिहार में 10.49 लाख स्वयं सहायता समूहों से 1.81 करोड़ से अधिक महिलाएँ जुड़ी हुई हैं। इनमें से 30 लाख से अधिक महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो राज्य की नई विकास शक्ति के रूप में उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और परिवारों की आय में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि हर गरीब परिवार को रोजगार, हर महिला को सम्मान और हर गाँव को विकास के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आत्मनिर्भर महिलाएँ और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव रखेंगी और विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सेवाएँ ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन को नई दिशा देंगी।
— कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी