राजनाथ सिंह का विपक्ष पर वार, बोले— छात्रों की चिंता है, उन्हें राजनीतिक मोहरा न बनाया जाए
kaushlendra Pandey -नई दिल्ली। दिल्ली में जारी छात्र विरोध-प्रदर्शन के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश के छात्रों और युवाओं को राजनीतिक स्वार्थों के लिए औज़ार बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विद्यार्थियों की आकांक्षाओं, उनके कल्याण और उनकी हर चिंता के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि छात्रों की हर चिंता को सुनना और उसका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत के जागरूक और विवेकशील युवा भ्रामक प्रयासों को समझते हैं और विकास तथा राष्ट्रनिर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे।
रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी व्यक्ति, विशेषकर छात्रों और युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता कृत्रिम आक्रोश (Manufactured Sense of Anger) पैदा कर युवाओं को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की भावनाओं और उनकी चिंताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। संसद का मानसून सत्र चल रहा है और सरकार हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद के बजाय सड़क पर समाधान तलाशने की कोशिश कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मुद्दों पर चर्चा का सर्वोच्च मंच संसद है। यदि विपक्ष वास्तव में गंभीर है, तो उसे संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देनी चाहिए और वहीं सभी मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए।