116 विरासत हस्तकरघा बुनाइयों के साथ ‘वीव्स ऑफ इंडिया’ महोत्सव का शुभारंभ
kaushlendra Pandey / नई दिल्ली के सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज़ एम्पोरियम में शुक्रवार से ‘वीव्स ऑफ इंडिया’ (Weaves of India) महोत्सव का शुभारंभ हो गया। यह महोत्सव 24 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
महोत्सव में देशभर की 116 विरासत हस्तकरघा बुनाइयों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों के बुनकरों द्वारा तैयार पारंपरिक साड़ियां, शॉल, दुपट्टे, कपड़े और अन्य हस्तनिर्मित वस्त्र प्रदर्शित किए गए हैं, जो भारत की समृद्ध हस्तकरघा परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव का उद्देश्य भारतीय हस्तकरघा उत्पादों को बढ़ावा देना, पारंपरिक बुनकरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना तथा लोगों को देश की समृद्ध वस्त्र विरासत से परिचित कराना है। हस्तकरघा प्रेमियों और खरीदारों के लिए यह महोत्सव भारतीय शिल्पकला का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।
महोत्सव में प्रदर्शित सभी उत्पाद देश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक बुनाई तकनीकों और स्थानीय शिल्प कौशल का प्रतिनिधित्व करते हैं। बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने और हस्तकरघा उत्पादों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
– कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी