ISSF वर्ल्ड कप की स्वर्ण पदक विजेताओं ईशा सिंह और नीरू धांडा को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने किया सम्मानित
सौरभ निगम / नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री Mansukh Mandaviya ने ISSF वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज ईशा सिंह और नायब सूबेदार नीरू धांडा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
नायब सूबेदार नीरू धांडा ने इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
वहीं, ईशा सिंह ने चीन के हांगझोउ में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप की महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह इस वर्ष इस स्पर्धा में उनका दूसरा वर्ल्ड कप स्वर्ण पदक है।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ईशा सिंह भारत सरकार की टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) के कोर ग्रुप का हिस्सा हैं, जबकि नीरू धांडा TOPS डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है और देश के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा दी है।