kaushlendra Pandey /पटना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने संसद के दोनों सदनों से एंटी पेपर लीक बिल के पारित होने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं के हित में एक ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य कदम बताया है।
श्री संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा युवाओं और छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। एंटी पेपर लीक बिल परीक्षा में होने वाली अनियमितताओं, पेपर लीक और संगठित नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा तथा उन्हें अपनी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने का निष्पक्ष अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा की समस्या नहीं है, बल्कि यह लाखों युवाओं के सपनों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत के साथ खिलवाड़ है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में यह कानून महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। एंटी पेपर लीक बिल का पारित होना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कानून के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हृदय से अभिनंदन करते हुए कहा कि अब पेपर लीक माफिया और परीक्षा में धांधली करने वालों के लिए कानून का शिकंजा और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि देश के युवा अब यह विश्वास कर सकते हैं कि उनकी मेहनत और प्रतिभा के साथ न्याय होगा तथा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और मजबूती मिलेगी।