भगवानपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
भगवानपुर (वैशाली)। कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी/ उच्च माध्यमिक विद्यालय, सहथा, भगवानपुर, वैशाली में बुधवार को ‘मां के नाम एक पेड़’ कार्यक्रम के तहत इको क्लब ऑफ मिशन लाइफ के तत्वावधान में छात्र-छात्राओं द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में इको क्लब ऑफ मिशन लाइफ की नोडल शिक्षिका श्रीमती आशामणी शर्मा ने छात्र-छात्राओं को पेड़-पौधों, पर्यावरण और प्रकृति के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मानव अस्तित्व के लिए सबसे महत्वपूर्ण आधार है। पेड़-पौधे न केवल हमें स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए भी बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में इको क्लब ऑफ मिशन लाइफ के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं, नोडल शिक्षिका एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानसून के प्रारंभ में पौधारोपण करना प्रकृति के लिए वरदान के समान है। स्वस्थ जीवन के साथ-साथ बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए भी हरा-भरा वातावरण आवश्यक है।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यालय परिसर का वातावरण हरा-भरा होने से शैक्षणिक माहौल भी सुंदर, शांत और मनोरम बनता है। बच्चों के प्रारंभिक जीवन में ही उन्हें पेड़-पौधों और प्रकृति से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार घटते हरित क्षेत्र और पेड़-पौधों की संख्या के बीच ‘मां के नाम एक पेड़’ जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।