रामेश्वर महाविद्यालय द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा /अदम्य साहस और पराक्रम के स्मरण का दिवस है विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस – प्रो. श्यामल
मुजफ्फरपुर । रामेश्वर महाविद्यालय मुजफ्फरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर के स्वयंसेवकों, छात्र – छात्राओं, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर के नेतृत्व में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली गई । छात्र – छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया तथा वन्देमातरम और भारत माता की जय के उदघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा ।
तिरंगा यात्रा की समाप्ति के पश्चात संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. शामल किशोर ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त 2021 के दिन को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाए जाने की आधिकारिक घोषणा की तब से हम सभी इस दिन को स्मृति दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं । यह दिवस 1947 के विभाजन से उपजे दर्द को महसूस करने वाले असंख्य लोगों के साहस, वीरता और पराक्रम को याद करने का दिन है । उन्होंने कहा कि इतिहास के इस सबसे बड़े मानव विस्थापन ने अनगिनत परिवारों को अपनी जड़ों से अलग कर दिया था । इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नफरत और हिंसा के विनाशकारी परिणामों से अवगत कराना है । यह दिन हमें देश की एकता, शांति, आपसी भाईचारे और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प देता है ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रजनी रंजन, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी, डॉ. महजबीन परवीन, डॉ. अंबुजेश कुमार मिश्र, डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ.स्मृति चौधरी तथा महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र – छात्राएं, कर्मचारी और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया ।