मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा ऐलान, परीक्षा सुधार से लेकर 1 करोड़ युवाओं को रोजगार का लक्ष्य
kaushlendra Pandey | पटना/ पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति का गठन किया जाएगा। वहीं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की भी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू होगा, जिसके माध्यम से छात्रों की शिकायतों का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
गन्ना किसानों के हित में राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार 10 चीनी मिलों की शुरुआत हो चुकी है, जबकि अगले छह महीने में 5 और चीनी मिलें शुरू होंगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह भी घोषणा की कि मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर तिरुपति बालाजी ट्रस्ट द्वारा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 करोड़ बिहारवासियों की सामूहिक शक्ति, युवाओं की ऊर्जा, किसानों की मेहनत और माताओं-बहनों के संकल्प से बिहार को विकसित भारत के साथ एक समृद्ध और सशक्त प्रदेश बनाया जाएगा।