RJD नेता एजाज अहमद का BJP पर बड़ा हमला, चंदे के खेल को लेकर उठाए गंभीर सवाल
पटना: बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के नेता एजाज अहमद ने राजनीतिक दलों के नाम पर चंदा इकट्ठा करने और बाद में ऐसे लोगों के भाजपा में शामिल होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि आखिर इस तरह की राजनीति के पीछे क्या मकसद है?
एजाज अहमद ने कहा कि 2014 से पहले भाजपा के नेता स्विस बैंक में जमा काले धन को भारत वापस लाने की बात करते थे, लेकिन आज देश में राजनीतिक चंदे को लेकर एक अलग तरह का खेल दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की राजधानी पटना के पते पर राजनीतिक पार्टी बनाई जाती है और बाद में उसे गुजरात के अहमदाबाद से संचालित पार्टी के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। उनके मुताबिक, एक ऐसी पार्टी को पहले वर्ष में 217 करोड़ रुपये और दूसरे वर्ष में 620 करोड़ रुपये का चंदा मिलने का दावा सामने आया है। उन्होंने कहा कि इससे राजनीतिक दल बनाने के नाम पर चंदे के कथित खेल पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
RJD नेता ने दावा किया कि गुजरात आधारित ऐसी कई पार्टियों के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा जुटाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन पार्टियों के कार्यालय, पदाधिकारी और संगठनात्मक गतिविधियों का स्पष्ट पता तक नहीं है, उनके नाम पर इतनी बड़ी रकम का चंदा कैसे आया?
एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों से जुड़े लोग पहले राजनीतिक दल बनाते हैं, चंदा एकत्र करते हैं और बाद में भाजपा में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो CBI, ED और आयकर विभाग को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जांच एजेंसियां इस पूरे मामले में सक्रिय क्यों नहीं हैं? एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि राजनीतिक चंदे के कथित खेल में शामिल दलों और लोगों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
RJD नेता ने भाजपा से पूरे मामले पर सामने आकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि देश में राजनीतिक दलों और चंदे के नाम पर एक नई तरह की राजनीति का प्रयोग किया जा रहा है और इसमें गुजरात की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।