हरित भविष्य की ओर केरिपुबल की पहल: ग्रुप केन्द्र राँची परिसर में दिनांक 15 सितंबर 2026 को 500 पौधों का वृहत वृक्षारोपण
बिकास कुमार सिंह / पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्रुप केन्द्र, केरिपुबल, सेम्बो, राँची में ग्रुप केन्द्र, केरिपुबल एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व श्री सुनील कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केन्द्र, राँची ने किया। इस अवसर पर श्री साकेत कुमार सिंह, भा.पु.से., पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड सेक्टर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रुप केन्द्र परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार, फूलदार एवं औषधीय कुल 500 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, श्री साकेत कुमार सिंह, भा.पु.से., पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड सेक्टर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व के बारे में यह संदेश दिया कि –
बड़े-बड़े शहर बसा रहे हैं हमलोग,
सुकून के लिए गाँव ढूँढते हैं।
बड़े अजीब है हमलोग —
हाथों में कुल्हाड़ी लिए,
छाँव ढूँढते हैं।
“वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि हमारे जीवन और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व का आधार हैं। पेड़ हमें स्वच्छ वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षारोपण एवं वृक्षों का संरक्षण प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी सहायक है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, हम सभी मिलकर एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लें।”
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान— “एक पेड़ माँ के नाम” — से प्रेरणा लेते हुए, हम सभी पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाएं और अपनी माँ तथा प्रकृति के सम्मान में एक-एक पेड़ अवश्य लगाएं।
“एक पेड़ माँ के नाम”
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्री ललित त्रिपाठी एवं क्लब के गणमान्य सदस्यों के साथ-साथ झारखण्ड सेक्टर मुख्यालय के श्री अजय मिश्रा, पुलिस उप महानिरीक्षक, श्री डी.एन.लाल, पुलिस उप महानिरीक्षक (सेवानिवृत), श्री के. के. पाण्डेय, पुलिस उप महानिरीक्षक, श्री पी.कूजुर, पुलिस उप महानिरीक्षक, कम्पोजिट अस्पताल राँची डॉ0 श्रीमति शैल बाला सोरेंग, पुलिस उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) के अतिरिक्त ग्रुप केन्द्र राँची, रेंज कार्यालय राँची, , 06 सिग्नल वाहिनी, ए.डब्ल्यू.एस.-08 एवं सी/244 वाहिनी, राँची के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्री ललित त्रिपाठी ने कहा:
“पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केरिपुबल के साथ संयुक्त रूप से आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरणा मिलती है। रोटरी क्लब भविष्य में भी केरिपुबल के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में और अधिक व्यापक स्तर पर कार्य करने तथा समाज में हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रुप केन्द्र परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण तथा समाज में वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इस अवसर पर “हरित परिसर, स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य” का संदेश दिया गया।