प्रयागराज में अधिवक्ताओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले—नई पीढ़ी के अधिवक्ता संवैधानिक मूल्यों के प्रहरी बनें
सौरभ निगम / प्रयागराज। न्याय को धरातल तक पहुंचाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिवक्ता समाज न केवल लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि जनविश्वास और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में भी उसकी अहम भूमिका रहती है।
जनपद प्रयागराज में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन कार्यकारिणी 2025-26 द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री अरुण भंसाली सहित न्यायमूर्ति गण, वरिष्ठ अधिवक्ता और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं से संवैधानिक मूल्यों के प्रहरी बनने और न्याय को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता की भूमिका केवल मुकदमों की पैरवी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में कानून के शासन और नागरिकों के विश्वास को मजबूत करने की भी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए प्रतिवर्ष कैशलेस चिकित्सा बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। इसके तहत उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय और जिला न्यायालयों में सक्रिय रूप से प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं को सुविधा देने की बात कही गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली द्वारा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को नवनिर्मित अधिवक्ता कक्षों की सांकेतिक चाबी सौंपे जाने का भी कार्यक्रम रहा। करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग और अधिवक्ता कक्षों से जुड़ी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यायिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, आधुनिक न्यायिक अवसंरचना विकसित करने तथा अधिवक्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, वरिष्ठ न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महाधिवक्ता अजय मिश्रा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पांडेय तथा महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति गण, जनप्रतिनिधियों एवं सभी अधिवक्ता बंधुओं का अभिनंदन किया गया।