रांची: झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर अहम चर्चा
सौरभ निगम / झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग और साझेदारी को नई दिशा देने को लेकर रांची में महत्वपूर्ण संवाद हुआ। ऑस्ट्रेलिया के कोलकाता स्थित कॉन्सुल-जनरल बर्नार्ड लिंच से मुलाकात के दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच संभावित सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर रचनात्मक चर्चा की गई।
बैठक में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, तकनीक और नवाचार, खनिज संसाधन, खेल, पर्यटन तथा दोनों क्षेत्रों की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।
झारखंड के प्राकृतिक संसाधन, मानव पूंजी और समृद्ध आदिवासी विरासत को ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता, संस्थानों और उद्योग जगत के साथ जोड़कर सहयोग के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
इस संवाद के माध्यम से झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दीर्घकालिक, मजबूत और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में उम्मीद जताई गई।